संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बृहस्पतिवार को जिले में विकास खंड स्तर पर बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला सशक्तीकरण चौपाल का आयोजन किया गया। जिले के नौ स्थानों पर हुए कार्यक्रमों में 299 महिलाओं और बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
पुलिस की एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। आयोजित कार्यक्रमों में महिला बीट अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं से संवाद किया।
इस दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, मातृ शक्ति को संबल योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कोतवाली खलीलाबाद की टीम ने खलीलाबाद ब्लॉक में 42, दुधारा पुलिस ने सेमरियावां में 32, धनघटा पुलिस ने हैंसर व पौली ब्लॉक में 64, महुली पुलिस ने नाथनगर में 28, मेंहदावल पुलिस ने मेंहदावल ब्लॉक में 34, बखिरा पुलिस ने बघौली में 42, बेलहर कला पुलिस ने बेलहर कला ब्लॉक में 32 और धर्मसिंहवा पुलिस ने सांथा ब्लॉक में 25 महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया।कार्यक्रम में महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया।
इसके अलावा गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी समझाए गए। महिलाओं को पंफलेट वितरित कर जागरूक किया गया।
महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों को साझा करने का अवसर मिलता है। इससे आत्मविश्वास बढ़ा है और पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है। महिलाओं ने ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की बात कही।ै