संतकबीरनगर। मिशन शक्ति के तहत शुक्रवार को जिले के सभी थानों की पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया।
एंटी रोमियो टीमों और महिला बीट अधिकारियों ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी। साइबर अपराध की शिकायत के लिए साइबर क्राइम पोर्टल के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बरई टोला और डीघा बाईपास, महिला थाना पुलिस ने जिला अस्पताल, धनघटा पुलिस ने शनिचरा बाजार और मुठईकला, महुली पुलिस ने मुकुंदपुर तथा बखिरा पुलिस ने लोरीबारी, नंदौर चौराहा और बखिरा तिराहे पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। वहीं धर्मसिंहवा पुलिस ने झाउवा कोमर और अतरीनानकार में अभियान चलाया।
इस दौरान महिलाओं को अपराधों की रोकथाम, अधिकारों की रक्षा और संकट के समय पुलिस से सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अन्याय के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।