संतकबीरनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को जनपद के सभी थानों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं गईं तथा महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को मिशन शक्ति अभियान के बारे में जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने महिला अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपाय और कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, बाल सहायता नंबर 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया।
कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने छोटी सरौली, बड़गो, बनकटिया व मड़या गांव में, महिला थाना पुलिस ने मेंहदावल बाईपास पर, महुली पुलिस ने सगड़वा में, मेहंदावल पुलिस ने पक्का पोखरा में, बखिरा पुलिस ने नन्दौर व दुर्गजोत में तथा धर्मसिंहवा पुलिस ने रैधरपार, टोटहा गांव में महिलाओं, बालिकाओं व छात्राओं को पंफलेट वितरित कर जागरूक किया। संवाद