- महुली मार्ग पर स्थित लाइफ केयर अस्पताल का मामला
- पुलिस ने आशा बहु को हिरासत में लिया
- अस्पताल संचालक, डॉक्टर और आशा पर केस दर्ज
- अस्पताल संचालक ताला लगाकर फरार
- बच्चेदानी फटने से प्रसूता की मौत का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली-नाथनगर मार्ग पर स्थित लाइफ केयर अस्पताल में रविवार को ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की तबियत बिगड़ने ने मौत हो गई जबकि बच्चा स्वस्थ बताया जा रहा है। महिला की मौत के बाद ग्रामीण नाराज होकर थाने पहुंच गए। परिजन मौत का कारण आशा बहु और अस्पताल कर्मियों पर लगा रहे हैं। मौत के बाद अस्पताल संचालक, स्टाॅफ के साथ ताला लगाकर फरार हो गया है। पुलिस ने इस मामले में परिजनों की तहरीर पर आशा कार्यकर्ता, संचालक और डॉक्टर पर केस दर्ज किया है। पुलिस पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है।
महुली कस्बा के उत्तर चौराहा निवासी मीना पत्नी सोनू निषाद की शनिवार देर रात करीब 12 बजे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन कस्बा की आशा कार्यकर्ता कुसुम को बुलाए। मीना देवी की जेठानी उषा देवी और सास प्रभावती के मुताबिक कुसुम ने बताया कि सरकारी अस्पताल में छुट्टी है, बेहतर इलाज की बात कहते हुए बस्ती-महुली मार्ग पर स्थित लाइफ केयर अस्पताल लेकर पहुंची।
परिजनों के मुताबिक अस्पताल में रविवार सुबह ऑपरेशन के बाद महिला ने नवजात शिशु को जन्म दिया। थोड़ी देर बाद अचानक महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बताया कि महिला को देखने की जिद्द करने पर दिखाने ले गए। मीना को ऑक्सीजन लगा था। हालत नाजुक होने का कारण पूछने पर चिकित्सकों ने बताया कि बच्चेदानी फट गई है, इसलिए गोरखपुर अस्पताल ले जाना पड़ेगा।
सास प्रभावती देवी ने बताया कि खून चढ़ाने के लिए अस्पताल कर्मियों ने दस हजार रुपये ले लिए लेकिन ब्लड नहीं चढ़ाया। बिना परिजनों को साथ लिए मीना को चार पहिया वाहन पर लेकर चले गए। बाद में सूचना मिली की मीना की मौत हो गई। परिजन शव को लेकर थाने पहुंच गए। मामला गंभीर होने के चलते भारी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए। आशा कार्यकर्ता कुसुम और लाइफ केयर के चिकित्सकों पर मीना की जान लेने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करके गिरफ्तारी करने की बात कहने लगे।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही अस्पताल संचालक, स्टाॅफ के साथ ताला बंद करके फरार हो गया।
महुली एसओ रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टर विजयनाथ चौधरी, डॉ. संतोष चौधरी और आशा कार्यकर्ता कुसुम के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस कुसुम को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।