मेंहदावल। मेंहदावल थानाक्षेत्र के उत्तरी पूर्वी क्षेत्र में स्थित एक गांव के पास से राप्ती नदी में उतराया हुआ एक 50 वर्षीय महिला का शव पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला की पहचान नहीं हो पाई है। शव एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। विशुनपुर कछार गांव के पास स्थित राप्ती नदी में एक महिला का शव बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने उतराया हुआ देखा। सूचना पर चौकी प्रभारी बनकसिया विजय सिंह मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के राप्ती नदी में महिला का शव उतरा रहा था। बुधवार की सुबह मेंहदावल थाना क्षेत्र में उतराता हुआ शव पहुंच गया। इसके बाद मेंहदावल पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शव की पहचान का भी प्रयास हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई होगी। संवाद