- पति ने पड़ोसियों पर लगाया आरोप, चार के खिलाफ दी तहरीर
- गोरखपुर में हुआ पोस्टमार्टम, पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार
मेंहदावल। क्षेत्र के एक गांव में दो दिन पूर्व एक महिला ने पड़ोसियों के छींटाकशी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। शुक्रवार की रात मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इस मामले में महिला के पति ने तहरीर देकर गांव के चार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
मेंहदावल क्षेत्र के ग्राम पंचायत औरही निवासी संदीप चौरसिया ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि वह रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। उसकी पत्नी मोनी (26 वर्ष) घर रहती थी। जीविकोपार्जन चलाने के लिए मेड का काम करती थी। उसके पड़ोसी पत्नी पर छीटाकशी करने के साथ ही व्यंग बोलते थे। गलत आचरण करते थे। उसकी छवि खराब करने की कोशिश करते थे। इसकी शिकायत उसने कई बार की लेकिन वे लोग नहीं माने। जिससे क्षुब्ध होकर नौ मई की रात पत्नी मोनी ने जहर खा लिया।
परिजन उसे लेकर सीएचसी मेंहदावल लेकर पहुंचे, जहां महिला की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात में उसकी मौत हो गई। मोनी के पति ने मेंहदावल पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं मेंहदावल पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। महिला के शव का पोस्टमार्टम गोरखपुर पुलिस करा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।