संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर निवासी एक तलाकशुदा महिला का यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने विभिन्न बैंकों में लोन कराकर लखनऊ में मकान खरीदने के नाम पर महिला के करीब 40 लाख रुपये भी हड़प लिए हैं।
न्यायालय सीजेएम कोर्ट के आदेश पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कोर्ट को दिए अपने प्रार्थनापत्र में बताया कि 2019 में राजन गहलोद निवासी सहिजन खुर्द चुर्क रोड थाना राबर्ट्सगंज जिला सोनभद्र, लखनऊ के केसी पांडेय के माध्यम से उनके संपर्क में आया। उसने खुद को आबकारी विभाग लखनऊ में अनुभाग समीक्षक के पद पर कार्यरत होना बताया। वह नजदीकी बढ़ाता गया और बराबर घर आने जाने लगा। इस बीच महिला का अपने पति से आपसी विवाद के कारण तलाक हो गया था। इसके बारे में राजन गहलोद को पता चल गया। एक दिन राजन घर आया और कहा कि लखनऊ में बहुत सस्ता मकान बिक रहा है। उसने उससे शादी करने की बात कही और पूछने पर अपनी पत्नी की मृत्यु होना बताया।
पीड़िता को उसने विभूतिनगर लखनऊ में बना मकान दिखाया और कहा कि इसी को दिलाना है। मकान की कीमत 40 लाख बताई। एडवांस के तौर पर उसने खाते से 2,50,000 रुपये दे दिए। उसके बाद धीरे-धीरे संबंध बनाने लगा। मकान दिलवाने के नाम पर महिला से पर्सनल लोन भारतीय स्टेट बैंक रामनगर वाराणसी में 19,43,000 रुपये, पर्सनल लोन भारतीय स्टेट बैंक शाखा इंडस्ट्रियल एरिया खलीलाबाद से 7,00,000 रुपये, ओडी के माध्यम से भारतीय स्टेट बैंक रामनगर से 1,00,000 रुपये, मनोरंजन गृह लिमिटेड अलीगढ़ से 4,00,000 रुपये लोन कराया।
साथ ही कमीशन के नाम पर अपने सहयोगी धर्मराज के खाते में 63,000 रुपये, रिश्तेदार एवं अन्य लोगों से कर्ज के नाम पर 2,30,000 रुपये, करीब 2,50,000 रुपये सीएससी बंजरिया एवं करीब 1,05,000 रुपये नकद लिए थे। राजन अपने खाते व अपनी सहयोगी निलिमा सिंह निवासी कल्यानपुर कानपुर व रजनी देवरिया, भटनी आदि लोगों के खाते में धोखाधड़ी से पैसा मंगवाया था। वहीं शादी की बात कहकर यौन शोषण करने के साथ ही मकान रजिस्टर्ड होने के बारे में पूछताछ करने पर इधर-उधर की बात करते हुए टालने लगा।
बाद में महिला को पता चला कि राजन गहलोद, नीलिमा सिंह, राजन की पत्नी रजनी आदि लोग ग्रुप बनाकर लोगों को धोखाधड़ी करके ठगते व लूटते हैं। इन लोगों ने पीड़िता का काफी मानसिक व शारीरिक एवं आर्थिक शोषण किया। छह सितंबर 2025 की रात एक बजे उनके मोबाइल पर राजन गहलोद का फोन आया और पैसा मांग रहा था।
पैसा न देने पर अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी व उनके साथ ही परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देने लगा। कुछ दिन पहले उसने मां की तबीयत खराब होने पर पैसा मांगा तो राजन गहलोद व उसके सहयोगी नीलिमा सिंह गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में न्यायालय के आदेश पर राजन और नीलिमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। विवेचना में अन्य के नाम शामिल किए जाएंगे।