संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे डीघा के पास मंगलवार को शाम लगभग पांच बजे कंटेनर ट्रक के पहिया के नीचे आकर एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
पुलिस के अनुसार 17 मार्च को समय करीब 5:00 बजे गोरखपुर से लखनऊ लेन पर जा रहे कंटेनर ट्रक से हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार विशाल त्रिपाठी (22) निवासी बरदाद थाना खजनी, गोरखपुर अपनी मौसी श्यामा त्रिपाठी (30) पत्नी अंगद त्रिपाठी निवासी भींनखिनी कला थाना महुली को गोरखपुर से दवा कराकर उनके घर छोड़ने बाइक से जा रहे थे। उसी दौरान डीघा बाईपास के पास कंटेनर के चालक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार की, जिससे मोटरसाइकिल चालक गिर गया एवं महिला कंटेनर के पिछले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। हादसे की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से शव को निकलवाकर जिला चिकित्सालय भेजवाया।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि दुर्घटना के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।