मेंहदावल में महिला के करंट की चपेट में आने के बाद अस्पताल में जमा भीड़ । स्रोत - ग्रामीण
मेंहदावल। मेंहदावल थाना क्षेत्र के गगनई बाबू मोहल्ले में रविवार की शाम करंट की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिवार को लोग उन्हें सीएचसी मेंहदावल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मेंहदावल थानाक्षेत्र के गगनई बाबू गांव में 34 वर्षीय सरोजा देवी पत्नी धनजू का घर पीएम आवास योजना के तहत बन रहा है। शाम को घर में रखा टेबल फैन चालू करते समय वह करंट की चपेट में आने से झुलस गईं। वह वहां आधे घंटे तक पड़ी रहीं। निर्माण कार्य समाप्त होने के बाद जब महिला के पति, बच्चे और देवर घर में पहुंचे तो महिला को जमीन पर पड़ा देखा।
उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़ा राम 13 वर्ष का है। वहीं उससे छोटा हिमांशु 11 साल का तथा सबसे छोटी रिया 9 साल की है। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।