टैंपू से गिरकर पहुंची महिला के मौत के बाद सीएचसी मलौली पर जांच पड़ताल करती पुलिस
- फोटो : KHALILABAD
चलती टेंपो से सड़क पर गिरी महिला, मौत
हैंसर/संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के डिहवा बाजार से लोहरैया जा रही एक महिला की मौत टाडा के पास चलते टेंपो से गिरने से हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डिहवा बाजार निवासी 45 वर्षीय जानकी देवी पत्नी राममिलन आठ वर्षीय बेटे रोहित के साथ टेंपो में सवार होकर लोहरैया जा रही थीं। जब टेंपो टाडा में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा के सामने पहुंची तो जानकी देवी अचानक सड़क पर गिर गईं। तेज रप्तार से भाग रहा टेंपो जब तक रुकता और उसमें सवार लोग महिला के पास पहुंचे तब तक वह अचेत हो गई। हादसे के बाद वहां लोग एकत्रित हो गए। गंभीर रूप सें घायल जानकी को सीएचसी मलौली ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हादसा का शिकार होकर जानकी की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। लोगों का कहना है कि टैंपो में अधिक सवारी बैठाना और उसकी रप्तार जानकी के मौत का कारण बना। एसओ रणधीर मिश्र का कहना है कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।