- गोरखपुर जनपद के उनवल में हुई थी शादी
- महुली क्षेत्र के गोपालपुर गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के ग्राम पंचायत तरयापार के गोपालपुर गांव में सोमवार दोपहर में खेत में चारा काट रही महिला के ऊपर बिजली गिरने से मौत हो गई। थोड़ी दूर पर मौजूद बहन ने चीख-पुकार सुनकर लोगों को इसकी जानकारी दी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा तहसील और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी राम दरस चौहान की बेटी 24 वर्षीय विवाहिता बेटी प्रभावती देवी सोमवार को छोटी बहन खुशी के साथ घर के पीछे सीवान स्थित खेत में चारा काटने गई थी। अचानक मौसम ने करवट लिया। बादल उमड़ने से पूरी तरह अंधेरा छा गया। बहन खुशी ने बताया कि बारिश होने लगी। अचानक बादल गरजने के साथ खेत में चारा काट रही बहन प्रभावती चौहान के ऊपर बिजली गिर पड़ी। बताया जा रहा कि बिजली गिरने से कपड़ा पूरी तरह जल गया। मौके पर ही प्रभावती चौहान की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार तीन वर्ष पूर्व प्रभावती का विवाह गोरखपुर जनपद के उनवल में हुई थी। लेकिन काफी दिनों से वह मायका गोपालपुर में रह रही थी। प्रधान प्रतिनिधि धर्मेन्द्र उर्फ गुड्डू यादव ने सूचना स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन को दी। मौके पर महुली थाने की पुलिस पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार योगेंद्र पांडेय भी पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
बहन खुशी की मान लेती बात तो जिंदा होती प्रभावती
धनघटा। महुली क्षेत्र के ग्राम पंचायत तरयापार के गोपालपुर गांव में मायके में रही 24 वर्षीय प्रभावती का पशुओं के लिए खेत में चार काटते समय बिजली के चपेट में आने से मौत हो गई। प्रभावती अपनी छोटी बहन खुशी की बात मान लेती तो शायद आज जिंदा होती।
खुशी ने बताया कि घर के पीछे सीवान में स्थित खेत में सोमवार को चारा काटने गई हुई थी। अचानक मौसम ने करवट लिया। चारों तरफ अंधेरा छा गया तब उसने अपनी बड़ी बहन प्रभावती को घर चलने को कहा, लेकिन वह नहीं मानी और बोली की अभी थोड़ा और चारा काट ले तब चलेंगे। बहन खुशी ने बताया कि अचानक बारिश होने लगी।
आसमान में बिजली चमक रही थी। उसी दौरान तेज आवाज के साथ खेत में चारा काट रही प्रभावती के ऊपर बिजली गिर पड़ी। वह तड़पने लगी और उसका कपड़ा पूरी तरह जल गया। खुशी ने बताया कि उसके बार-बार कहने के बावजूद वह नहीं लौटी। अगर बात मान ली होती तो आज उसकी बहन जिंदा होती। ये कहते-कहते वह फफक-फफक पड़ी और बोली अब उसे कोई डाटने वाला नहीं है। प्रभावती की शादी तीन साल पहले गोरखपुर जनपद के उनवल में हुई थी। लेकिन काफी दिनों से वह मायके में रह रही थी।