लोहरौली (संतकबीरनगर)। दुधारा थाना क्षेत्र के सुम्हा गांव में विवादित जमीन पर रोपाई को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और दो अज्ञात समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुम्हा गांव निवासी सीमा दूबे पत्नी मुरलीधर दूबे ने दुधारा थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके ससुर घनश्याम दूबे की मृत्यु के बाद उनकी सास कंचना देवी ने 15 बीघा जमीन में से 13 बीघा जमीन बेच दी और उसका पैसा अपनी चारों बेटियों को दे दिया। शेष बची जमीन को लेकर उनका न्यायालय में मामला विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि प्राथमिकी के बावजूद उनकी सास ने बची हुई जमीन का भी फर्जी तरीके से गांव के ही बालगोविंद दूबे के नाम बैनामा कर दिया।
इसका विरोध करने और प्राथमिकी दर्ज कराने से नाराज होकर 29 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे सास, उनकी चारों बेटियों, बालगोविंद दूबे तथा दो अज्ञात लोगों ने उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज की और मारपीट की।