जनरेटर के सहारे चार्ज होते मोबाइल
धर्मसिंहवा। क्षेत्र में दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों के सामने मोबाइल चार्ज करने की समस्या खड़ी हो गई। मोबाइल की बैटरी खत्म होने के बाद लोग चार्ज कराने के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। कस्बे में कई स्थानों पर जनरेटर के माध्यम से मल्टी पिन लगाकर लोगों के मोबाइल चार्ज किए गए। गौरी राई के सभासद अरुणेंद्र राय ने बताया कि मोबाइल अब मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों के मोबाइल की बैटरी समाप्त हो गई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में रविवार को कुछ व्यवसायियों ने जनरेटर चलाकर मोबाइल चार्ज करने की व्यवस्था की। मोबाइल चार्ज करने के एवज में प्रति मोबाइल 20 रुपये शुल्क लिया जा रहा था। इसके बावजूद लोग खुशी-खुशी शुल्क देकर मोबाइल चार्ज कराते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोबाइल चालू रहने से जरूरी संपर्क और अन्य कार्य किए जा सकते हैं, इसलिए शुल्क देना उन्हें उचित लगा। क्षेत्र में कई स्थानों पर हाईटेंशन तारों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है। बिजली निगम की ओर से आपूर्ति बहाल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।