महुली बाजार में टूटकर गिरा बिजली का तार। संवाद
- फोटो : KHALILABAD
महुली बाजार में फिर टूटकर गिरा तार
घनी आबादी में तार गिरने से मची अफरातफरी
हरिहरपुर(संतकबीरनगर)। शनिवार को एक बार फिर महुली बाजार में जर्जर हो चुका विद्युत तार टूटकर घनी आबादी वाली जगह पर गिर गया। इससे अफरातफरी मच गई।
व्यापारी सुरेंद्र कुमार मद्धेशिया ने बताया कि महुली बाजार में लगे विद्युत तार काफी जर्जर हो चुके हैं। आए दिन बाजार की घनी आबादी में तार टूटकर गिरते रहते हैं। शनिवार को सब्जी मंडी में तार टूटकर गिर गया। उन्होंने बताया कि जिस समय तार गिरा, उस समय आपूर्ति चालू थी। यदि जल्द तार नहीं बदला गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
व्यापारी नेता दीपक वर्मा ने बताया कि बाजार में लगे बिजली के तार जगह-जगह जोड़कर जुगाड़ से चलाए जा रहे हैं। इससे अक्सर शॉर्ट सर्किट और तार टूटकर गिरते हैं। यदि विद्युत निगम ने शीघ्र तार नहीं बदले तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे। व्यापारी आजाद गुप्ता का कहना है कि जर्जर हो चुके तारों को हटाकर केबल के जरिए आपूर्ति दी जानी चाहिए। इस संबंध में हरिहरपुर उपकेंद्र के जेई अश्वनी पांडेय का कहना है कि बाजार में जर्जर तारों को शीघ्र बदल दिया जाएगा।