धर्मसिंहवा। लोकसभा चुनाव में पहली बार मताधिकार प्रयोग करने को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। युवा पहली बार मतदान करके सरकार बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। युवाओं का कहना है कि विकास और शिक्षा की बुनियाद मजबूत करने वाले को अपना मत देंगे। युवा 18 वर्ष के होने के बाद वोटर आईडी कार्ड बनवाकर लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।
ऑनलाइन आवेदन करके अपना वोटर आईडी कार्ड बनवाया। इस बार वह भी मतदान करेंगे और सरकार बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। ऐसी सरकार का चयन करेंगे जो विकास और शिक्षा की बुनियाद को मजबूत करेगी।
- श्याम प्रजापति, गौरी राई धर्मसिंहवा
इस बार नए मतदाता बने हैं और पहली बार मतदान करेंगे। मन काफी प्रसन्न है। जो युवाओं के भविष्य के बारे में सोचेगा उसी व्यक्ति के पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ऐसी सरकार चुनेंगे जो युवाओं के प्रति सोच रख रही हो।
- सोमनाथ पटवा, निवासी धर्मसिंहवा दक्षिणी वार्ड
जनवरी में 18 साल के हुए वोटर आईडी कार्ड बनवाकर पहली बार मतदान करेंगे। स्वच्छ छवि और क्षेत्र का विकास करने वाले को तरजीह दी जाएगी। इसके साथ ही जो युवाओं के भविष्य की चिंता करेंगा उसको ही मत दिया जाएगा।
- आकाश शर्मा, गौरी राई वार्ड धर्मसिंहवा
पहली बार वे मतदान करेंगे। 25 मई का इंतजार बेसब्री से है। मतदान करके सरकार बनाने में भागीदारी निभाएंगे। जो व्यक्ति गरीब तबके के लोगों की सुने और लोकसभा क्षेत्र का चतुर्मुखी विकास कर सके उसी के पक्ष में मतदान किया जाएगा।
- विशाल पासवान, निवासी धर्मसिंहवा