संतकबीरनगर। जिले में अपार आईडी बनाने में विद्यालय लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। जिससे नाराज डीआईओएस ने माध्यमिक विद्यालय को निर्देश दिया है कि 85 प्रतिशत अपार आईडी बनाने का प्रमाण पत्र देने के बाद ही स्टाफ का वेतन जारी किया जाएगा।
डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि 21 जनवरी को समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का शत प्रतिशत अपार आईडी बनाए जाने के निर्देश दिए गए थे। विद्यालय द्वारा शतप्रतिशत अपार आईडी बनाने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के उपरांत वेतन बिल निर्गत किए जाने का निर्देश था। समस्त विद्यालयों के वेतन बिल निर्गत किया जा चुके हैं, परंतु किसी भी विद्यालय द्वारा प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है।
समस्त विद्यालयों को निर्देशित किया जाता है कि 85 प्रतिशत अपार आईडी बनाने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के उपरांत ही वेतन भुगतान किया जाएगा। प्रमाण पत्र के बाद ही वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों को हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा का प्रवेश पत्र, ओएमआर प्रदान किया जाएगा। उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
-
बोर्ड परीक्षा समाप्त होने तक रोका जाए अपार आईडी बनाने का कार्य : संजय
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने बोर्ड परीक्षा समाप्त होने तक अपार आईडी के निर्माण कार्य को रोकने की मांग की है। अपार आईडी निर्माण की वजह से बोर्ड परीक्षा की तैयारियों, प्रयोगात्मक परीक्षा के संपादन व अधूरे पाठ्यक्रम को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। तकनीकी कठिनाइयों के कारण अपार आईडी का काम पूरा न होने के कारण प्रदेश के अनेक जनपदों में शिक्षकों का वेतन रोक दिया है जिससे शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने कहाकि विद्यालयों में अपार आईडी निर्माण का कार्य चल रहा है। लेकिन अपार आईडी निर्माण करने के दौरान शिक्षकों कई तकनीकी दिक्कत आ रही है। अपार आईडी निर्माण के दौरान विद्यार्थियों के यू डायस, आधार कार्ड व विद्यालय का एसआर रजिस्टर पर उपलब्ध डाटा मैच नहीं कर रहा है, जिसके कारण अपार आईडी जेनरेट नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहाकि 23 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षा है। एक फरवरी से प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू हो रही है। इस समय प्रदेश के अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक अपने अधूरे पाठ्यक्रम को पूरा करने व प्रयोगात्मक परीक्षा की तैयारी में लगे है। अपार आईडी के निर्माण के दबाव से बोर्ड परीक्षा से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। डीआईओएस निरंतर पत्र भेजकर विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकों को वेतन रोकने व मान्यता प्रत्याहारण करने की बात कह रहे हैं। ऐसे में बोर्ड परीक्षा की समाप्ति तक इस कार्य को रोक दिया जाए। संवाद