-पति की रजामंदी होने से निर्विवाद प्रेमी-प्रेमिका एक हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति ने खुद की रजामंदी से पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दिया। इस अनोखी शादी की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। दोनों प्रेमी युगल का घर भी आमने-सामने है। दोनों मासूम बच्चे भी अपनी मां के साथ चले गए।
बखिरा क्षेत्र के अगर गांव निवासी रामनाथ यादव की पत्नी कुंती यादव का गांव के ही रणजीत यादव से कुछ महीनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। घर आमने-सामने होने से प्रेमी रणजीत का कुंती के घर आने-जाने लगाव बढ़ने लगा। इसकी चर्चा गांव में भी दबे जुबान से होने लगी। हालात इस कदर हो गया कि कुंती, रणजीत से शादी करने की जिद करने लगी। पत्नी की इस हरकत से पति रामनाथ तंग आ गया और उसने पत्नी कुंती की शादी प्रेमी से कराने की ठान ली।
बृहस्पतिवार को एक बोलेरो से पत्नी कुंती को लेकर बखिरा स्थित भंगेश्वरनाथ मंदिर आ गया। प्रेमी रणजीत पहले से ही मंदिर में मौजूद था। दोनों की रजामंदी होने से मंदिर में ही प्रेमी संग विवाह हो गया। दोनों मासूम बच्चे जिसमे चार साल की बेटी और तीन साल का बेटा शामिल है वह भी अपनी मां के साथ चले गए। मौके पर मौजूद लोगों में इस शादी की खुशी में मिठाई भी वितरित हुई।
इस शादी को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जुट गई थी। क्षेत्र में इस शादी की खूब चर्चा हो रही है।