- शहर में जाम लगने से लोगों को होती है परेशानी
- कागजों में वाहन पार्किंग स्थल चिह्नित
-पालिका प्रशासन भी बना हुआ है उदासीन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में विभिन्न स्थानों पर शाॅपिंग माॅल बन गए हैं। जहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन किसी भी जगह पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। पालिका प्रशासन भी इस दिशा में उदासीन बना हुआ है, जिसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है और शहर में आए दिन जाम लग रहा है।
शहर के शुगर मिल चौराहा के आस-पास, बैक चौराहा, मुखलिसपुर तिराहा, आजाद चौक सहित विभिन्न स्थानों पर शाॅपिंग माॅल बने हैं। प्रतिदिन यहां बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। लोग वाहन सड़क की पटरियों पर ही खड़ा कर दे रहे हैं, वजह यह है कि किसी भी शाॅपिंग माॅल में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। यही नहीं नगरपालिका प्रशासन भी शहर में आने वाले वाहनों के पार्किंग के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए हैं।
कागजों में वाहन पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं, लेकिन वहां पर न तो पार्किंग का कोई बोर्ड लगा है और न ही वाहन खड़ा कराने के लिए कोई व्यवस्था ही की गई है। शहर के निवासी दु्र्गेश कुमार, शिव चरण आदि ने कहा कि वाहन पार्किंग की व्यवस्था कराया जाना आवश्यक है, ताकि लोगों को समस्या से निजात मिल सके।
शहर में वाहन पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। जल्द ही वहां पर बोर्ड आदि लगवाए जाएंगे। साथ माॅल संचालकों से भी वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए कहा जाएगा।
- जगत जायसवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद खलीलाबाद