तामेश्वरनाथ धाम जाने वाली सड़क का हो रहा चौड़ीकरण
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तामेश्वनाथ धाम काॅरिडोर की घोषणा की है। इससे पूर्व ही गिरधरपुर से तामेश्वरनाथ धाम को जोड़ने के लिए सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इस सड़क के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे कॉरिडोर की राह भी आसान होगी। साथ ही तामेश्वरनाथ धाम आने-जाने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।
जिले के प्रसिद्ध बाबा तामेश्वरनाथ धाम पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना होता है। इसके लिए अधिकतर लोग धनघटा मार्ग से होकर आते-जाते हैं। प्रत्येक सोमवार को यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है। साथ ही सावन के महीने में कांवरियां जलाभिषेक के लिए आते हैं। महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में लोग जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान करीब एक माह तक मेला लगता है।
ऐसे में प्रशासन ने गिरधरपुर से तामेश्वरनाथ को जोड़ने के लिए वैकल्पिक मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके लिए आठ करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। स्वीकृति मिलने के बाद प्रशासन ने गिरधरपुर से तामेश्वरनाथ होकर धनघटा मार्ग तक करीब 4.30 किलोमीटर की सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। इस सड़क के किनारे मिट्टी डालने के साथ ही गिट्टियां बिछाई जा रही हैं।
इस मार्ग के बन जाने से तामेश्वरनाथ धाम आने वालों श्रद्धालुओं सहूलियत मिलेगी। इस क्षेत्र के निवासी विजय कुमार, राहुल आदि ने कहा कि गिरधरपुर से तामेश्वरनाथ धाम को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।