- प्लेटफार्म एक पर केवल एक वाटर एटीएम, दो व तीन पर नहीं हैं इंतजाम
-टोटियों से गर्म पानी निकल रहा, यात्री बोलत बंद पानी खरीदने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले का मुख्य रेलवे स्टेशन खलीलाबाद है। यहां जिलेभर से लोग ट्रेन पकड़ने के लिए आते हैं। बावजूद इसके रेलवे स्टेशन पर पानी का इंतजाम नाकाफी है। प्लेटफार्म नंबर एक पर मात्र एक वाटर एटीएम है, जबकि दो और तीन नंबर प्लेटफार्म पर तो पानी का अब तक कोई इंतजाम नहीं हो पाया है। यही नहीं जो टोटियों से आ रहा पानी गर्म निकल रहा है। ऐसे में मजबूरी में लोग बोतल बंद पानी खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। यात्री अब कहने लगे हैं कि अगर रेलवे स्टेशन आएं तो पानी की बोतल साथ लाएं।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करीब 10 करोड़ से कराया जा रहा है। इसके तहत यात्रियों की सुविधाओं के लिए कई कार्य हो रहे हैं। प्लेटफार्म को जहां ऊंचा किया जा रहा है, वहीं नए शेड लगाए गए हैं। लेकिन गर्मी के बावजूद अभी तक पीने के पानी का इंतजाम नहीं सुधर सका है। स्थिति यह है कि प्लेटफार्म एक पर पिछले माह में एक वाटर एटीएम लगाया गया है। जबकि प्लेटफार्म दो और तीन पर कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है।
प्लेटफार्म नंबर दो पर जो वाटर एटीएम लगा है वह खराब है। दूसरी तरफ यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टोटियां लगाई गई हैं, लेकिन टोटियों का पानी गर्म आ रहा है, जो पीने योग्य नहीं है। ऐसे में यात्रियों को बोतल बंद पानी खरीदने की मजबूरी है। कुछ लोग तो पानी लेकर ही स्टेशन पर आ रहे हैं। यात्री अभिषेक कुमार, जितेंद्र आदि ने कहा कि गर्मी बढ़ गई है और पाने की पानी की जरूरत भी है, इसके बाद भी रेलवे स्टेशन पर पीने का पानी का इंतजाम ठीक नहीं हैं। इन लोगों ने कहा कि स्टेशन पर पीने के पानी की व्यवस्था में सुधार किए जाने की जरूरत है।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसके तहत पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा। अभी एक वाटर एटीएम लगा है, जल्द ही और वाटर एटीएम लगेंगे। कुछ दिनों में इस समस्या से यात्रियों को राहत मिल जाएगी।
- एके गौड़, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन खलीलाबाद