धर्मसिंहवा। थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव में बुधवार की रात 22 वर्षीय युवक ने साड़ी के फंदे से लटक कर जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह अपनी नानी से पैसे की मांग कर रहा था। नानी ने पैसा देने से मना कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद सिद्दीक पुत्र निसार अहमद गांव में घर के सटे अपने नाना-नानी के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि युवक रात में अपनी नानी से कुछ पैसे मांग रहा था जबकि दिन में वह नानी से पैसे ले चुका था। नानी ने पैसा सुबह देने की बात कह कर उसे मना कर दिया था। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि युवक पूरे दिन नशे में धुत रहता था। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की गहनता से जांच की। रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ अभिमन्यु सिंह ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।