संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। कुड़वा गांव में मंगलवार को जब एक साथ दो शव पहुंचे तो चीख पुकार मच गई। जो जहां था वहीं से दोनों युवकों के घर की ओर निकल पड़ा। परिवार में मृतकों की पत्नी व बच्चे शव देखकर अचेत हो गए। सोमवार की रात एक ही बाइक पर सवार होकर संजय और सोनू अपने घर की तरफ जाने के लिए खरचा गांव के सामने रामजानकी मार्ग को पार कर रहे थे कि एक ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
मंगलवार को खलीलाबाद में दोनों का पोस्टमार्टम हुआ उसके बाद शव घर पहुंचे। दोनों युवकों का शव जब घर पहुंचा तो तमाम लोगों की भीड़ लग गई। कुछ देर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए शव घर पर रखे गए। उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए सरयू के मैंदी घाट पर पहुंचा। जहां दोनों के नाबालिग बच्चे कंप-कंपाते हाथों से पिता को मुखाग्नि दी।