- मेंहदावल थाना क्षेत्र के बेला गांव के सीवान का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। थाना क्षेत्र के बेला गांव के सीवान में शाॅर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। इससे छह से अधिक किसानों का 25 बीघा गेहूं का फसल जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर वाहन पहुंचता इससे पहले तीन गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। किसानों का काफी नुकसान हुआ है।
सोमवार की शाम चार बजे मेंहदावल के बेला गांव के सीवान में शाॅर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। समूचे गांव में अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। आसपास के गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुटे। आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू हुआ। शाम छह बजे तक आग पर काबू पाया गया। इससे पहले लालू, छेदी शर्मा, टिकोरी, नेवास अली, करम हुसैन, सीताराम, संदीप शुक्ला, बबलू शर्मा का लगभग 25 बीघा गेहूं का फसल जलकर राख हो गया। आग की इस बड़ी घटना से पूरे गांव व आसपास के क्षेत्र में हाहाकार मचा रहा।
उपजिलाधिकारी मेंहदावल अरुण कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर फायर ब्रिगेड को भेजा गया है। नुकसान का आकलन कराया जाएगा। पीड़ित किसानों की हर संभव मदद की जाएंगी।