सहालग को लेकर बाजार में बिक रहा फूल-संवाद
संतकबीरनगर। जिले में शादी-सहालग का सीजन शुरू होते ही फूलों की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। मांग में अचानक आई तेजी के कारण आम लोगों के साथ-साथ आयोजकों की जेब पर भी बोझ पड़ रहा है। विशेष रूप से गेंदा और गुलाब के फूलों की मांग में उल्लेखनीय उछाल आया है, जो शादियों और धार्मिक अनुष्ठानों में प्रमुखता से उपयोग किए जाते हैं।
स्थानीय फूल व्यापारियों के अनुसार, बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए उन्हें गैर जनपद से फूल मंगाना पड़ रहा है। परिवहन लागत में वृद्धि के कारण फूलों के दाम में पिछले कुछ दिनों की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंदिरों, विवाह समारोहों और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में इन फूलों का विशेष उपयोग होने के कारण इनके दाम बढ़ रहे हैं।
व्यापारियों का मानना है कि यदि मांग इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में कीमतों में और भी इजाफा हो सकता है। वहीं, ग्राहक फूलों के बढ़े हुए दामों के कारण शादी- विवाह के बजट पर अतिरिक्त बोझ महसूस कर रहे हैं। फूल विक्रेता संदीप ने बताया कि दूल्हे की गाड़ी को सजाने के लिए 1100 रुपये से लेकर 10 हजार तक खर्च आ रहा है। ग्राहकों की बजट क्षमता के आधार पर गाड़ियों की सजावट की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस समय गेंदा फूल की माला 50 रुपये में बिक रही है। जबकि गुलाब का फूल 70 रुपये पीस है। जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी तो इनका दाम भी बढ़ता जाएगा। लोग पहले से बुकिंग भी करा चुके हैं।