समाज कल्याण विभाग द्वारा बुधवार को एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद में कार्यक्रम आयोजित कर शादी अनुदान के 546 लाभार्थियों में स्वीकृति पत्र दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य सेतु निगम के चेयरमैन लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास का नया कीर्तिमान बना रही है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे इसका उदाहरण है, जो रिकार्ड समय में बनकर तैयार हो गया। सरकार ने प्रदेश की जनता को मेट्रो की सौगात दी। लखनऊ में इसका उद्घाटन हो चुका है जबकि वाराणसी सहित अन्य शहरों में भी अरबिया मदरसे में चलाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब तबके के लोगों को समाजवादी पेंशन देकर जहां उनकी जरूरतों की पूरा करने का काम किया वही अब शादी अनुदान के रूप में बीस हजार रुपये देकर नव विवाहित दंपति को सौगात दी है। बढ़या ठाठर में बन रहे पुल को लेकर स्थानीय सांसद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह पुल प्रदेश सरकार बनवा रही है, लेकिन सांसद इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
सपा जिलाध्यक्ष राम नरायन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी कार्यों के प्रति लापरवाह है, ऐसे लोग अपनी आदतों में सुधार लाएं। जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा जो कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, उनका लाभ पात्रों को मिले, इसके लिए हम सभी को मिलकर कार्य करने की जरूरत है। धनघटा के विधायक अलगू चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घोषणा पत्र के सभी कार्य पूरा दिए हैं।
सपा प्रत्याशी सुबोध चंद्र यादव ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए तमाम योजनाएं चलाई, जिसका लाभ सभी वर्गों के लोगों को मिल रहा है। कार्यक्रम को मुख्य विकास अधिकारी लालजी यादव, सपा महासचिव जावेद खान, राम नेवास यादव, केडी यादव, ब्लाक प्रमुख मनोज राय, समाज कल्याण अधिकारी उमाकांत शुक्ला आदि लोगों ने संबोधित किया, जबकि पुलिस अधीक्षक विक्रमादित्य सचान, ब्लाक प्रमुख शिवनाथ यादव, अनवारूल हक, निसार अहमद, डीआईओएस शिव कुमार ओझा, कुरैश अहमद, अर्जुन यादव आदि लोग उपस्थित रहे।