संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर/ महुली। महुली बाजार जाने वाली सड़कों पर बारिश के चलते पानी भर गया है। कहीं क्षतिग्रस्त सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से परेशानी है तो कहीं नाली जाम होने के चलते लोगों के रिहायशी घरों में गंदा पानी भर गया है। सभी संपर्क मार्गों पर पानी भर जाने से स्कूल जाने वाले छात्र,राहगीर और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
टूटी सड़क और जाम नालियों के कारण महुली बाजार के हालात बदतर होते जा रहे हैं। मुख्य सड़क से बाजार जाने वाली सड़क के अंसार टोला में महीने भर से घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा है। बारिश के चलते स्थिति और खराब हो गई है। अब सड़क पर जमा गंदा पानी रिहायशी घरों में घुसने से लोगों का जीना मुहाल है।
इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे बच्चे पैदल स्कूल भी आते-जाते हैं। मुख्य सड़क होने के चलते दुकानदार और खरीदार भी इसी सड़क से बाजार पहुंचते हैं। सड़क पर घुटने तक भरे गंदे पानी से होकर आने-जाने को लोग मजबूर हैं।
क्षतिग्रस्त सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे में पानी भर जाने से आवाजाही में परेशानी हो रही है। महुली झिंगुरापार होते हुए धनघटा तहसील को जोड़ने वाली सड़क के मरम्मत हुए एक साल भी नहीं बीता सड़क पर गहरे गड्डे बन गए, जिसमें पानी भर जाने से सड़क तालाब की शक्ल ले चुका है। सड़क के गहरे गड्डे में आए दिन साइकिल व बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
समस्या समाधान को जिसने उठाई आवाज वही बन गए आरोपी ः हरिहरपुर। व्यापारी नेता ओंकार,पिंटू,जुनैद अहमद,अब्दुल रहीम,समद आदि लोगों ने बताया कि अंसार टोला में जल भराव की स्थिति बेहद खराब हो गई है।
इस सड़क पर हुए जल भराव के निराकरण के लिए तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने काफी प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका अलबत्ता उन्हीं लोगों को आरोपी बना दिया गया जिन लोगों ने समस्या समाधान की आवाज उठाई थी। लोगों का कहना है कि जिस रास्ते से नाली बह रही थी उसी रास्ते पर एक व्यक्ति ने दीवाल चलाकर नाली अवरुद्ध कर दिया था। दीवाल को गिराने के आरोप में लोगों के ऊपर प्राथमिकी भी दर्ज हो गई है।