संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। लगातार हो रही बारिश से बखिरा- दुर्गजोत मार्ग पर जलभराव हो गया है। इससे राहगीरों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों को जलभराव से होकर आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
क्षेत्र के निवासी मो. अकरम, मुजफ्फर हसन, मो. अमीन, अनवारुल, सफी अहमद ने बताया कि बखिरा से दुर्गजोत जाने वाले मार्ग पर पूरे दिन लोगों की आवाजाही होती है। दूरी कम होने से बस्ती, रुधौली, डुमरियागंज जाने के लिए लोग इसी रास्ते का उपयोग करते है। तेज बारिश की वजह से इसी मार्ग पर स्थित तनवीरूल इस्लाम मदरसे के निकट जलभराव हो गया है। नालियों की सफाई नही होने से पूर्व जिला पंचायत सदस्य इशहाक अंसारी के घर के सामने भी जलभराव हो गया है। निकट ही स्थित पोखरे का पानी भी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। इससे तीन बतिया व भडारी मुहल्ले में भी जलभराव की समस्या हो गई है। सड़क पर पसरा हुआ गंदा पानी कुछ लोगों के घरों में भी जाने लगा है। लोगों ने जलभराव से निजात दिलाने के लिए ईओ से शिकायत किया है।
ईओ संदीप सरोज ने बताया कि जलभराव से निजात के लिए शीघ्र ही कार्ययोजना बनाई जाएगा।