जिला अस्पताल के सामने जमा पानी। संवाद
संतकबीरनगर। सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं संयुक्त जिला चिकित्सालय के सामने बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया।
सड़क पहले से ही क्षतिग्रस्त होने के कारण जलभराव ने राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ा दीं है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई। मौके पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मी वाहनों को व्यवस्थित कर जाम हटाने में जुटे रहे। दोपहिया वाहन चालक विशेष रूप से परेशान नजर आए। कई वाहन चालक गड्ढों में भरे पानी के कारण संतुलन खोते-खोते बचे, जबकि कुछ लोगों को पानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
जिला अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके तीमारदारों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण अस्पताल पहुंचने में लोगों परेशानी हुई। मरीजों को पानी भरे रास्ते से होकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ा, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं।