संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के नंदौर में रविवार को बारिश होते ही जलभराव की समस्या से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। सड़क पर आने-जाने वाले यात्री भी जलभराव और गंदगी से परेशान हैं। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल निकासी कराए जाने की मांग की है।
नंदौर से बस्ती मार्ग और नंदौर चौराहे से बांसी मार्ग पर कई स्थानों पर जलभराव और गंदगी लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर एक फीट तक पानी लग गया है। वाहन चालकों को कीचड़ भरे रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी चौधरी औरंगजेब, मनोज कुमार, मोहम्मद, हरिलाल गुप्ता, गणेश प्रसाद, महेंद्र कुमार आदि लोगों का कहना है कि बारिश से नंदौर बाजार की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका है। लोगों ने खंड विकास अधिकारी से नंदौर बाजार को जलभराव से मुक्त कराने के साथ स्वच्छता पर ध्यान देने की मांग की है।