बारिश से किसानों के खिले चेहरे, कई दिनों से नहीं हुई थी बारिश, सूख रही थी फसल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने से उसमभरी गर्मी से परेशान शहरवासियों को रविवार को राहत मिली। बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन जगह-जगह जलभराव व कीचड़ से राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। वहीं खेतों में मुरझा रही फसलों के लिए बारिश वरदान साबित हुई।
खरीफ अभियान में किसानों को फसल बचाने के लिए जूझना पड़ रहा है। कभी अच्छी बारिश हो जाती है तो कभी कई-कई दिन बारिश नहीं होती है। ऐसे में किसानों को फसल की सिंचाई महंगे डीजल खरीदकर करनी पड़ रही है। इधर कई दिनों से बारिश न होने से फसल सूखने लगी थी, लेकिन रविवार को दिन में तेज बारिश हुई तो फसलों को संजीवनी मिल गई। किसान भी बारिश को लेकर खुश नजर आए। उमस भरी गर्मी से परेशान विद्युत उपभोक्ताओें को भी राहत मिल गई। दूसरी तरफ शहर के विभिन्न मोहल्लों में जलभराव व कीचड़ के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी। जिला अस्पताल गेट, बड़गों, अंसार टोला, बंजरिया रोड आदि क्षेत्रों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। किसान राधेश्याम, रामदरश आदि ने कहा कि अच्छी बारिश से फसल को फायदा हुआ है।
हरिहरपुर प्रतिनिधि के अनुसार दोपहर से आसमान में बादल छाने और बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली तो किसानों को भी बारिश होने की उम्मीद जगी है।बीते करीब दस दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी के चलते लोग काफी परेशान थे। बारिश न होने से किसान भी चिंतित थे। खेतों की नमी सूखने से धान की फसलें बीमारी की चपेट में आने लगी थी। कुछ किसान खेतों में पंपसेट से पानी चलाना भी शुरु कर दिए थे। धान की फसलों में खैरा रोग का प्रकोप होने के नाते किसान दवाओं का छिड़काव करने में जुटे हुए थे।किसान चंद्रमणि,विवेक कुमार,राम प्रकाश ने बताया कि रविवार की दोपहर से आसमान में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली, वहीं बारिश होने की उम्मीद भी जगी है। किसानों का कहना है कि जल्दी पकने वाली धान की फसलों में बालियां आने लगेंगी, लेकिन देर से होने वाले धान के खेतों को अभी पानी की जरूरत है। ऐसे में बारिश होने से धान की अच्छी उपज मिलने की आशा है। धर्मसिंहवा प्रतिनिधि के अनुसार तेज बारिश होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर देखने को मिली। किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए यह बारिश वरदान साबित होगी। क्षेत्र के किसान राम संवारे राय, अशोक राय, सोनू राय आदि किसानों ने बताया कि धान के खेतों में नमी समाप्त हो गई थी, ऐसे में रविवार को हुई बारिश किसानों के लिए काफी हितकर साबित हुई है। जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने कहा कि बारिश से फसल के लिए लाभदायक है।