मेंहदावल ब्लॉक के खजुरा खुर्द में गांव नहर के पानी से डूबी गेंहू की फसल।संवाद
बिना नाली निर्माण के नहर का छोड़ दिया पानी, किसानों ने मुआवजे की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। सरयू नहर विभाग की लापरवाही से गेहूं की 20 बीघा फसल जलमग्न हो गई। फसल बर्बादी का नजारा देखते ही किसानों की चिंता बढ़ गई। किसानों ने डीएम महेंद्र सिंह तंवर से लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने मुआवजे की मांग भी की है।
ग्राम पंचायत खजुरा खुर्द में सोमवार को सरयू नहर विभाग की ओर से निर्मित नहर में पानी छोड़ा गया। इससे सटे खेतों के पास बने होल से पानी किसान के खेतों में जाने लगा। देखते ही देखते गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। किसान जब खेतों में नहर के पानी को देखा तो अवाक रह गए। जब मामले की जानकारी सरयू नहर के कर्मचारियों को हुई तो पानी बंद कर दिया। तब तक 20 बीघा से अधिक गेहूं की फसल पानी में डूब गई।
राजीव कुमार पांडेय, राजाराम पांडेय, धर्मेंद्र, मातिवर पांडेय, सच्चिदानंद, हीरा, राजू, निर्भय पांडेय, ओमकार राय, अखिलेश पांडेय समेत कई किसानों की गेहूं की फसल पानी से बर्बाद हो गई। किसानों ने बताया कि नहर में जगह-जगह ह्यूम पाइप लगे हैं, जिनके होल को बंद करने के लिए विभाग ने कार्य ठेकेदार को सौप था, लेकिन ठेकेदार ने होल को बंद नहीं किया। विभागीय कर्मचारियों ने बिना नहर का निरीक्षण किए नहर में पानी छोड़ दिया। नतीजा यह रहा कि होल तथा ओवरफ्लो होकर नहर का पानी खेतों में पहुंच गया। इससे हम किसानों को भारी छति पहुंची है।