संतकबीरनगर। जिले के कई माध्यमिक विद्यालयों के जिम्मेदारों ने शिक्षकों का रिकार्ड देने में हीलाहवाली की है। इसमें 69 विद्यालयों ने लापरवाही बरती है। इस पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने एक सप्ताह में यू डायस पर रिकार्ड न देने पर इन स्कूलों की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, विद्यालय और विद्यार्थियों का पूरा रिकार्ड यू डायस पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। यह कार्य विद्यालयों के जरिए होना है। जिले में 280 के करीब माध्यमिक विद्यालय हैं। उनमें राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्त विहीन, उच्च माध्यमिक विद्यालय और सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड के विद्यालय भी शामिल हैं। इन विद्यालयों को अपने-अपने शिक्षक, छात्र व विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का ब्योरा यू डायस पोर्टल पर 30 अप्रैल तक अपलोड करना है।
जिले में 69 विद्यालयों ने शिक्षकों का रिकार्ड देने में लापरवाही बरती। मंगलवार को जूम मीटिंग में महानिदेशक स्कूल शिक्षा अभियान विजय किरन आनंद ने यू डायस पोर्टल की समीक्षा की। इसमें संतकबीरनगर जिले की प्रगति काफी खराब मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने निर्देश दिए कि एक सप्ताह में अगर समस्त डाटा विद्यालय यू डायस पर अपलोड नहीं करते हैं तो उनकी मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जनपद की छवि धूमिल होने पर डीआईओएस ने भी नाराजगी जाहिर की है।
माध्यमिक विद्यालयों ने अपनी सूचना यू डायस पर देने में लापरवाही बरती है। समीक्षा में जिले की प्रगति काफी खराब मिली है। सूचना न देने वाले विद्यालयों को चेतावनी देते हुए एक सप्ताह का समय दिया गया है। उसके बाद भी यू डायस पर सूचना अपलोड नहीं करते हैं तो मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। उसकी जिम्मेदारी विद्यालयों की होगी।
- मनमोहन शर्मा, डीआईओएस