संतकबीरनगर। जनवरी माह में नगर निकाय का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नगरीय क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों के एमडीएम का खाता संचालन ठप हो गया। चार माह से अधिक का समय बीत गया, लेकिन स्कूलों का खाता संचालन अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इससे शिक्षकों को अपने खर्च पर एमडीएम बनवाने का दबाव है। शिक्षकों ने खाता संचालन बदलने की मांग की है।
जिले में एक नगर पालिका और चार पुरानी नगर पंचायतें हैं। नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों में एमडीएम का खाता संचालन प्रधानाध्यापक और वार्ड सदस्य के संयुक्त हस्ताक्षर से होता था। छह जनवरी को नगरीय निकाय का कार्यकाल समाप्त हो गया। उसके बाद से नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों के खाता संचालन पर रोक लग गई। इधर चार माह का समय व्यतीत हो रहा है और इन क्षेत्रों के विद्यालय के प्रधानाध्यापक खाता संचालन बदलने के लिए कई बार बीआरसी से लगायत बीएसए कार्यालय का चक्कर लगाए।
अभी तक खाता का संचालन नहीं बदल सका है। इससे एमडीएम बनवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला समन्वयक एमडीएम बजरंगी लाल विश्वकर्मा ने बताया कि नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों में एमडीएम के खाता संचालन बदलने के लिए पत्रावली डीएम के वहा भेजी गई है। वहां से स्वीकृति मिलते ही खाता संचालन बदल दिया जाएगा।