संतकबीरनगर। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के जिलाध्यक्ष लालचंद्र ने दुसाध जाति के शोषण के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। मंगलवार को दुसाध जाति के लोगों ने धनघटा उपजिलाधिकारी डॉ. सुनील कुमार व तहसीलदार रामजी को अलग-अलग ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि अनुसूचित जाति दुसाध के व्यक्तियों के साथ तहसील प्रशासन जाति प्रमाणपत्र के मामले में सौतेला व्यवहार कर रहा है। अनुसूचित जाति दुसाध की उपजाति को गैर जाति बताकर ऑनलाइन आवेदन निरस्त कर दे रहा है। इससे दुसाध समाज की अपूरणीय क्षति हो रही है। दुसाध जाति के जिन लोगों काे अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र जारी किया गया है, उसी परिवार के अन्य व्यक्तियों काे दुसाध जाति की उपजाति ढाढ़ी को गैर जाति बताकर प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा है। साथ ही नवीनीकरण भी नहीं किया जा रहा है। दुसाध समाज व लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के जिलाध्यक्ष लालचंद्र दुसाध ने कहा कि अब यदि ऑनलाइन आवेदन निरस्त हुआ तो वृहद आंदोलन किया जाएगा।
तहसीलदार धनघटा रामजी ने कहा कि अनुसूचित जाति दुसाध का जाति प्रमाणपत्र जारी किया जा रहा है। पोर्टल से प्रमाण पत्र निरस्त नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर रामकोमल, रामप्रकाश, बाबूलाल, इंद्रजीत दुसाध, अभिजीत दुसाध, वकील उदयभान पासवान, ब्रह्मदेव, रीमा दुसाध, बबलू, प्रमोद आदि मौजूद रहे।