-कोतवाली क्षेत्र के मलोरना में हुई घटना
-मासूम की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के मलोरना स्थित निजी विद्यालय में निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी बीच सोमवार को तेज बारिश के साथ आंधी आ गई। मजदूर जब तक वहां से भागते तब तक निर्माणाधीन दीवार भरभराकर गिर गई, इसकी चपेट से मासूम समेत तीन मजदूर घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मासूम की स्थिति नाजुक देखकर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हाईवे स्थित मलोरना के पास विद्यालय के प्रथम तल पर दीवार जोड़ने का काम चल रहा था। इसके लिए चार इंच की दीवार तैयार की जा रही थी। दोपहर तीन बजे के आसपास आंधी और बारिश आ गई। मजदूर काम बंद करके वहां से हटने की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच निर्माणाधीन कच्ची दीवार तेज हवा के झोंके से गिर गई, इसकी चपेट में आकर कृष्णा पुत्र शिवसरन, मंतेश्वर कुमार पुत्र हरिलाल, दीपू पुत्र मदनराम और तीन साल की मासूम निधि पुत्री सुरेशराम निवासी बेतिया बिहार घायल हो गए।
सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां निधि की हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी के बाद सीओ सिटी ब्रजेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी लेकर घायलों का हाल जाना।