- धनघटा की ओर जाना होगा आसान, शहरवासियों को भी मिलेगी राहत
- बाहर से ही चले जाएंगे बड़े वाहन, जाम से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर से सटी दो सड़कें नेदुला से नई तहसील, भुवरिया से पायलपार व धनघटा क्षेत्र के रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि डेढ़ माह में सड़कों का निर्माण पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद वाहन फर्राटा भरेंगे। इससे न सिर्फ परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहरवासियों को भी जाम से राहत मिलेगी।
ज्ञात हो कि धनघटा क्षेत्र में रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण के कार्य में तेजी आई है। दावा किया जा रहा है कि इसका कार्य चार मई तक पूरा हो जाएगा। इस मार्ग के पूर्ण होने से पौली, धनघटा, हैंसर बाजार आदि क्षेत्रों के लोगों को अच्छी सड़क मिलेगी और वाहन फर्राटा भर सकेंगे। वहीं नेदुला से नई तहसील मार्ग का चौड़ीकरण 10 मई तक पूर्ण होना है। इसके बनने से नेदुला होकर मेंहदावल आना-जाना आसान हो जाएगा। इसके अलावा भुवरिया से पायलपार रिंग रोड का निर्माण कार्य भी मई में पूरी होने की उम्मीद है। सड़क के चौड़ीकरण पर करीब 29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस मार्ग के बनने के बाद आंबेडकरनगर, धनघटा, महुली, नाथनगर की ओर आने-जाने वाले वाहन सरपट दौड़ सकेंगे।
शहरवासियों को भी मिलेगी राहत
नेदुला से नई तहसील होकर मेंहदावल जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण व भुवरियां-पायलपार रिंग रोड के चौड़ीकरण होने से शहर में वाहनों की आवाजाही कम होगी, क्योंकि वाहनों को इसी मार्ग से भेज दिया जाएगा। जिससे शहर में जाम की समस्या से निजात मिल सकती है। शहर निवासी अजीत वर्मा, श्यामदेव आदि ने कहा कि नयी सड़कों के बनने से बड़े वाहन शहर में प्रवेश करने की जगह इसी मार्ग से चले जाएंगे, जिससे शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। यह शहरवासियों के लिए अच्छी बात है।
शहर से सटे भुवरियां से पायलपार मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जबकि नेदुला से नयी तहसील मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य अंतिम दौर में है। इन सड़कों के पूर्ण होने से परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी और शहर में जाम की समस्या से भी लोगों को निजात मिलेगी।
- राकेश पांडेय, अधिशासी अभियंता, लोनिवि
रामजानकी मार्ग का निर्माण तेजी से चल रहा है। चार मई तक कार्य पूर्ण कर लिए जाने की तिथि निर्धारित है। समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
- अमित कुमार तिवारी, कंसलटेंट, एनएच बस्ती