आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान न होने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनी का माह मार्च का भुगतान न होने से नाराज सीएमओ ने चार अधीक्षकों सहित कर्मियों का वेतन रोक दिया है। साथ ही स्पष्टीकरण मांगते हुए आशाओं को भुगतान किए जाने के निर्देश दिए हैं।
शासन का निर्देश है कि आशा और आशा संगिनी का भुगतान हर हाल में तीन तारीख तक को दिया जाए, लेकिन जिले के सांथा, बेलहरकला, नाथनगर व पौली में अभी तक आशा और आशा संगिनी का मार्च माह का भुगतान नहीं हो सका है। इस पर सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने सख्त कदम उठाते हुए यहां के अधीक्षकों, ब्लॉक कम्युनिटी प्रॉसेस मैनेजर और ब्लॉक लेखा प्रबंधकों का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया है। साथ ही देरी के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी रिपोर्ट तलब की है। निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द आशा कार्यकर्ताओं और संगिनी का मार्च माह का भुगतान किया जाए।
सीएमओ ने बताया कि आशा और आशा संगिनी स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। इनके जरिए विभाग की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाता है। ऐसे में भुगतान न किया जाना लापरवाही है। संबंधित अधीक्षकों, बीसीपीएम और बैम का वेतन रोका गया है।