फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 को होगा मतदान, जिले में बने सात केंद्र

विज्ञापन
विज्ञापन
संतकबीरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रथम प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम अनुज मलिक ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी मतदान से संबंधित अपने दायित्वों का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही पोलिंग पार्टियों के अधिकारी प्रशिक्षण के बाद मतदान केंद्रों का भ्रमण भी कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। ऐसे में मतदेय स्थलों पर मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिले में बनाए गए सात मतदान केंद्र

प्रशिक्षण के दौरान सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जिले में सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 1540 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 23 अक्तूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा।
विज्ञापन


मतदान प्रक्रिया की बारीकियां बताईं

उपायुक्त श्रम एवं रोजगार डॉ. प्रभात द्विवेदी ने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित मतदान अधिकारियों के दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों के कार्य, मतदान के विभिन्न चरणों, पोलिंग पार्टियों की रवानगी, निर्वाचन सामग्री की जांच और सुरक्षित रखरखाव के बारे में विस्तार से बताया।

प्रशिक्षण में मतदाता सूची, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, मतपेटिका तैयार करने, बैलेट बॉक्स खोलने और सील करने की प्रक्रिया, मतदाता की पहचान के लिए निर्धारित अभिलेखों की जांच तथा मतपत्र लेखा तैयार करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा मतदाता के मतदान नहीं करने का निर्णय लेने, महिला मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।

इस दौरान एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, एसडीएम धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी विनय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र और जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें