संतकबीरनगर। निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद खलीलाबाद सहित सात नगर पंचायतों में बृहस्पतिवार को मतदान हुआ। प्रत्याशी और समर्थक जहां एक-एक वोट को बूथ तक पहुंचाने के लिए अंतिम समय तक प्रयास करते रहे, वहीं, मौसम की बेरुखी से इनके प्रयासों पर पानी फिर गया। तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। ऐसे में भीषण गर्मी के चलते मतदाता बेहाल दिखे। इसका असर यह रहा कि सुबह मतदान में तेजी रही तो दोपहर में सड़कों व बूथों पर सन्नाटा पसर गया।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन के साथ ही प्रत्याशी और समर्थक लगातार प्रयास करते रहे। लगातार पारा चढ़ने से परेशानी खड़ी हुई। जो मतदाता मतदान के लिए निकले, वे गर्मी से बेहाल रहे। ऐसे में तेज धूप से बचने के लिए चेहरा ढंककर बूथों पर पहुंचे और मतदान करने के बाद सीधे घर आ गए। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ और पहले दो घंटे में 9.50 प्रतिशत मतदान हुआ। 11 बजे तक 22.95 फीसदी रहा, जबकि एक बजे तक मतदान प्रतिशत 32.85 फीसदी रहा। तीन बजे तक 42. 79 फीसदी मतदान हो सका। तीन बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में सबसे कम 37.89 फीसदी ही मतदान हुआ।
सबसे ज्यादा नगर पंचायत हरिहरपुर में 59.28 फीसदी मतदान हुआ। दिन में धूप चटख थी। इसके चलते मतदान की गति काफी धीमी रही। प्रयास के बाद भी मतदाता धूप के कारण बूथों तक पहुंचने से कतराते रहे। गर्मी के कारण दोपहर में लोग घरों में रहे। हालांकि, शाम को फिर मतदाताओं की कतार बूथों पर दिखी।