हरिहरपुर। नगर पंचायत हरिहरपुर के हर बूथ पर मतदाताओं की शिकायत रही कि उनका नाम मतदाता सूची में होते हुए भी उन्हें वोट नहीं डालने दिया गया। लोग पूछते रहे कि आखिर मतदाता सूची में नामों पर लाल निशान के क्या मतलब है।
वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर के मतदाता भुलई, सोनी, रामबृक्ष चौरसिया, मिठाई, शीला देवी का कहना है कि उन्होंने पिछली बार निकाय चुनाव में वोट दिया था। विधान सभा के चुनाव में भी मतदान करने का मौका मिला था। आज जब पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरिहरपुर द्वितीय के पिंक बूथ पर वोट डालने पहुंचे तो वहां मतदाता सूची में उनके नाम पर लाल निशान लगा हुआ था।
मतदान कर्मियों ने लाल निशान का हवाला देकर बूथ के बाहर का रास्ता दिखा दिया। बाहर निकलकर मतदाता, मीडिया कर्मियों और अन्य लोगों से यही पूछते रहे कि आखिर लाल निशान का क्या मतलब है। लाख कोशिश और सिफारिशों के बावजूद दर्जनों मतदाता लाल निशान के शिकार हो गए। तहसीलदार रत्नेश त्रिपाठी ने इस संदर्भ में पूरक सूची में आपत्ति के चलते नाम पर लाल निशान की बात कही।