मेंहदावल। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत निरक्षरों को साक्षर बनाने के लिए वालंटियर का चयन किया जाएगा। बीएसए अजय कुमार ने बताया कि 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के निरक्षर लोगों को इस अभियान में शामिल किया गया है। इससे जिले में साक्षरता दर बढ़ाने में मदद मिलेगी। चयनित वालंटियरों को अभियान के दौरान बेहतर कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। बीईओ महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि हर विद्यालय को निरक्षरों का सर्वे कर उल्लास एप पर पंजीकरण करना है। 10 निरक्षरों पर एक वालंटियर का ऑनलाइन चयन करना है। यह प्रक्रिया तीन दिन में पूरी करनी है। उन्होंने बताया कि जिस ग्राम सभा में विद्यालय है, यदि उसमें कोई निरक्षर नहीं है, तो इसका प्रमाणपत्र तीन दिवस उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि साक्षरता दर बढ़ाने में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। शिक्षक क्षेत्र में समाज सेवा में रुचि रखने वाले शिक्षित लोगों की तलाश करें। संवाद