वॉलीबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी संकुल बना चैंपियन
आगरा बी, हरिद्वार ए और लखनऊ ए की टीमें रहीं रनर
दो दिवसीय क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का हुआ समापन
अमर उजाला ब्यूरो
हरिहरपुर(संतकबीरनगर)। जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी संकुल ने बालक वर्ग की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 की टीम ने चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। ये टीमें सितंबर में होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा अंडर-14 में लखनऊ ए, अंडर-17 में हरिद्वार ए और अंडर-19 में आगरा बी की टीम को दूसरा स्थान मिला।
प्रतियोगिता में यूपी और उत्तराखंड की तीन आयु वर्ग की टीमें शामिल थीं। चार संकुल में विभाजित कुल आठ टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। व्यायाम शिक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी संकुल की टीमों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। दो दिन चले खेल में अंडर-14 में लखनऊ ए की टीम ने वाराणसी ए की टीम को कड़ी टक्कर दी, लेकिन फाइनल मुकाबले में वाराणसी ए की टीम विजयी रही। अंडर-17 में वाराणसी ए ने हरिद्वार ए की टीम को पराजित किया। अंडर-19 में वाराणसी बी की टीम ने आगरा बी को शिकस्त देकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। विजयी टीमों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रभारी प्राचार्य डीके सिंह, डीपी सिंह, वीके मिश्र, एसपी यादव, धर्मेंद्र यादव, केएन सिंह, राकेश चतुर्वेदी, वीके रस्तोगी, आरएस पांडेय, आरके मिश्र, सुशील तिवारी, अनूप पांडेय, उदयनाथ यादव आदि लोग मौजूद रहे।