धनघटा। तहसील क्षेत्र धनघटा में इन दिनों वीआईपी कल्चर हाबी हो गया। भीड़भाड़ वाली जगहों पर हूटर बजाकर लोगों को परेशान करना कुछ रईसजादों का शौक बन गया है। हूटर की तेज आवाज लोगों को किसी वीआईपी के आने की आशंका से हड़बड़ाहट में डाल देता है। चौराहों पर मौजूद पुलिस भी हूटर बजने पर रास्ता खाली कराती है।
महुली और धनघटा थाना क्षेत्र में इन दिनों कुछ रईसजादों ने चार पहिया वाहनों में हूटर लगवा रखा है। यह लोग कस्बा व बाजार में अपने वाहन की रफ्तार तेज करने के साथ हूटर चालू कर देते हैं। राहगीर या अन्य लोग किसी वीआईपी के आने आशंका में सड़क के किनारे खड़े हो जाते हैं, लेकिन हूटर बजाते हुए जब इन साहबजादों के वाहन क्राॅस करते हैं तो उन्हें देख लोग अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अपनी राह चल देते हैं।
पुलिस प्रशासन इन साहबजादों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है। इसके कारण इन साहबजादों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। महुली, नाथनगर, हरिहरपुर, मुखलिसपुर, कुशहवा, गिठीनी से होकर गुजरने वाले वाहनों में एक दो बाहर हूटर बजाकर ही जाते हैं। इस संबंध में महुली इंस्पेक्टर संतोष कुमार मिश्र और धनघटा के थानाध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, हूटर बजाकर चलने वाले वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।