ग्रामीणों ने पटरी का मरम्मत कार्य रोकवाया
- मानक विहीन कार्य करने का आरोप, किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। विकास खंड नाथनगर के ग्राम पंचायत अछती में बृहस्पतिवार को सड़क की पटरी मरम्मत कार्य को मानक विहीन होने का आरोप लगाकर ग्रामीणों प्रदर्शन किया। कोटेदार की अगुवाई में ग्रामीणों ने काम को रोकवा दिया। ग्रामीणों ने कार्य की जांच कराए जाने की बीडीओ से मांग की है।
ग्राम पंचायत अछती में ग्राम पंचायत से भिटनी खुर्द बंधे से संतराम के घर तक पटरी मरम्मत कार्य हो रहा है। बृहस्पतिवार को कोटेदार विद्यावती पांडेय, बीडीसी सदस्य महेश चंद्र के नेतृत्व में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मानक विहीन कार्य होने की बात कहते हुए काम को रोकवा दिया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जाहिर किया। कोटेदार विद्यावती देवी और ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य को मानक विहीन कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान गांव में कराए गए कई परियोजनाओं को कागज में कार्य पूर्ण दिखाकर सरकारी धन का बंदरबाट कर लिए हैं। जबकि समस्त कार्य अधूरे हैं। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जगदंबा प्रसाद, बैजनाथ पांडेय, पूर्व प्रधान मनोज कुमार, गंगाराम पांडेय, हरिश्चंद्र पांडेय, धीरज मणि, विश्वनाथ पांडेय, अरुण पांडेय आदि मौजूद रहे। वहीं, ग्राम प्रधान राजू ने बताया कि मानक के अनुरूप कार्य कराया जा रहा है। कोटेदार के जरिए वितरण में गड़बड़ी की जा रही थी। जिसकी शिकायत की गई थी। इसीलिए गलत आरोप लगाया जा रहा है।