-भीषण गर्मी में विद्युत कटौती से आम जनजीवन हुआ प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। बिजली कटौती से नाराज बेलहर विकास खंड के रमवापुर पाठन के ग्रामीणों ने बुधवार को गांव में प्रदर्शन किया। व्यवस्था में सुधार न होने पर विद्युत केंद्र के घेराव की बात कही।
ग्रामीण राजेश यादव, रामफेर यादव, रामाज्ञा यादव, करमचन्द, धर्मचन्द, सुनील, विक्की, बहरैची चौहान आदि का कहना था कि इस समय अघोषित विद्युत कटौती ने आम दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है।ग्रामीण इलाकों में हालात बेहद खराब हो गए हैं। भीषण गर्मी व उमस में जीना मुहाल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी बाधित हो जा रही है। सरकार के बेहतर विद्युत व्यवस्था के सभी दावे फेल नजर आ रहे है। गांव में लगातार विद्युत कटौती की जा रही है। जिससे हम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में 24 घंटे में लगभग चार पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। इसके साथ ही सरकार ने केरोसिन पर भी पाबंदी लगा दी है। जिससे हम लोग लैंप, लालटेन आदि का प्रयोग नही कर पा रहे है। ग्रामीणों ने विद्युत कटौती पर रोक लगाने की मांग की।