नोटबंदी के बाद जहां शहरी क्षेत्र के बैैंकों में स्थिति लगातार सामान्य हो रही है, वहीं अधिकतर एटीएम भी काम कर रहे हैं, लेकिन पूूर्वांचल बैंक की शाखाओं में अब भी किल्लत बरकरार है। शुक्रवार को जिले में पूर्वांचल बैैंक की 51 शाखाओं में से पांच कैश के अभाव में बंद रहीं। पूर्वांचल बैंक की जो शाखाएं खुली, वहां भी ग्राहकों द्वारा जमा किए गए धन से ही भुगतान हो सका। इसके कारण तमाम लोगों को कैश नहीं मिल सका और वह निराश होकर लौटने को मजबूर हुए। खलीलाबाद शहर के भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, कृषि शाखा और विकास भवन की शाखा में लेनदेन हुआ। इसी प्रकार एक्सिस बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक आफ इंडिया, यूनियन बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक सहित अन्य बैंकों में लेनदेन हुआ। शुक्रवार को बैंकों में भीड़ काफी कम रही। जहां तक एटीएम की बात है तो शहर के अधिकतर एटीएम काम करते मिले। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा का एटीएम, कृषि शाखा, आईसीआईसीआई, बैंक आफ इंडिया आदि बैंक का एटीएम काम किया। इसके कारण एटीएम पर भी लाइन छोटी हो गई है। हालांकि स्टेट बैंक के विकास भवन शाखा व एचडीएफसी बैंक का एटीएम बंद रहा। दूसरी तरफ पूर्वांचल बैंक की शाखाओं पर अब भी कैश की कमी बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्वांचल बैंकों की शाखाओं पर भुगतान नहीं मिला। इसके साथ ही एटीएम भी जबाब दे गए। पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक बृजमोहनी द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार को 51 शाखाओं में से 46 शाखाओं में लेनदेन हुुआ। उनका कहना है कि जो भुगतान हुआ वह ग्राहकों द्वारा जमा किए गए धन से ही हुआ। पांच शाखाएं कैश के अभाव में बंद रही। उन्होंने कहा कि कैश की डिमांड की गई है, उम्मीद है कि जल्द ही कैश उपलब्ध हो जाएगा और समस्या से निजात मिल जाएगी।