साडे खुर्द में पोखरे के सुंदरीकरण कार्य को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण
मेंहदावल। क्षेत्र के ग्राम पंचायत सांडे खुर्द में प्राचीन शिव मंदिर पोखरे के सुंदरीकरण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया। आधा-अधूरा कार्य करके कार्य पूरा दिखाया गया। रविवार को ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। कार्य पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण विनायक सिंह, विजय प्रकाश मिश्र, धर्मवीर यादव, शिवजी, शिवम सिंह, दयाराम यादव, गौरी शंकर, लक्ष्मण यादव, शुभम सिंह, दीनबंधु मौर्य, राजेश सिंह आदि लोगों ने बताया कि गत वर्ष 2022 में शिव मंदिर पोखरा को ग्राम पंचायत से अमृत सरोवर बनाने की मंजूरी मिली। जिस पर ग्राम पंचायत के द्वारा कार्य कराया गया।
पूरा अमृत सरोवर खर पतवार से भरा पड़ा हुआ है। आधा अधूरा काम करके ठेकेदार फरार है। अमृत सरोवर में पानी भी नहीं है। लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत व पर्यटन विभाग के द्वारा मानक विहीन कार्य कराए गए। कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है। मेंहदावल के उपजिलाधिकारी संजीव कुमार राय ने कहाकि मामले की जांच कराई जाएगी। संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाएगा।