कांटे पुलिस चौकी के पास हाईवे जाम करते ग्रामीण
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली के लहुरादेवा गांव के दो लोगों को बस्ती की पुलिस के उठाने के विराेध में ग्रामीणों ने सोमवार को सुबह कांटे चौकी पर पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर दिया, इस दौरान 20 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर एएसपी सुशील कुमार सिंह व सीओ अजय सिंह न लोगों को शांत कराकर आवागमन बहाल कराया।
लहुरादेवा गांव निवासी बदामा और अवधराज के अनुसार 8 सितंबर की रात लगभग 12:40 बजे कुछ लोग दोनों के घर में घुसकर महिलाओं के जेवरात छीनकर छेड़खानी करने लगे। आरोप है कि मौके पर मौजूद बेटे विनय व विक्की ने विरोध किया तो वह अपने हथियार निकाल लिए और दोनाें को अपने साथ लेकर चले गए। वहीं एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में स्नेचिंग के मामले में बस्ती पुलिस दोनों युवकों को ले गई थी, ग्रामीणों को लगा कि कांटे पुलिस चौकी पर दोनोंं को लाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराकर उन्हें घर भेजा।