मेंहदावल।क्षेत्र पंचायत की बैठक में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। ब्लॉक प्रमुख व उनके पति पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर हंगामा करने के साथ ही प्रदर्शन कर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जांच की मांग उठाई। इसके कारण क्षेत्र पंचायत की बैठक स्थगित करनी पड़ी।
क्षेत्र पंचायत की बैठक 12:30 बजे से शुरू हुई। उस समय बैठक में ज्यादातर सदस्य गैरहाजिर थे। उसी दौरान नबी रहम, अशोक यादव के नेतृत्व में करीब 35 सदस्यों ने बैठक में शिरकत करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बसंत तिवारी से सवाल-जवाब करते हुए निर्माण कार्य में अनियमितता, फर्नीचर की मरम्मत में अनियमितता समेत कई सवाल उठाए। ब्लॉक प्रमुख व उनके पति सदस्यों को अपनी कार्यशैली से संतुष्ट नहीं कर पाए। जिस पर बैठक में हंगामा शुरू हो गया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमुख व उनके पति के खिलाफ नारेबाजी करते करते हुए बैठक का बहिष्कार कर बाहर आ गए। खंड विकास कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में ब्लॉक प्रमुख के पति बसंत तिवारी खंड विकास कार्यालय चला रहे हैं। खंड विकास अधिकारी प्रमुख की जगह उनके पति को उनके कार्यालय में बैठने की अनुमति कैसे देते हैं। विकास खंड कार्यालय भ्रष्टाचार में लिप्त है। निर्माण से लेकर फर्नीचर मरम्मत तक के कार्य में बड़े पैमाने पर घोटाला किया गया है। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा कुमारी, बबीता यादव, मोहम्मद यूनुस, संजय, नबी रहम, मुरलीधर, रामधनी, मीरा देवी, जयप्रकाश, श्रवण कुमार, वंदना देवी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
0000000000000
नियमानुसार क्षेत्र पंचायत में विकास कार्य कराए गए हैं। विकास कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं की गई है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आरोप राजनीति से प्रेरित है। किसी भी स्वतंत्र एजेंसी से जब चाहे कोई जांच करा सकता है। विकास कार्य हमारी प्राथमिकता में है।
- पुष्पा त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख मेंहदावल