बेलहर। दुर्गजोत -रुधौली मार्ग पर नगर पंचायत बेलहर कला के यादव टोला के पास सोमवार देर शाम पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर पंचायत बेलहर कला के वार्ड नंबर-तीन भीतरी टोला निवासी कोईल यादव (50) पुत्र स्वर्गीय दयाराम यादव लोहरसन से मजदूरी करके सोमवार की रात नौ बजे बाइक से घर लौट रहे थे। वह नगर पंचायत बेलहर कला के यादव टोला के पास ही पहुंचे थे। उसी दौरान राजघाट की तरफ से गुजरी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों के साथ ही परिजन भी पहुंच गए। परिजन घायल मजदूर को सीएचसी मेंहदावल ले गए, जहां देखते ही डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मृतक के पांच छोटे- छोटे बच्चे हैं। पीड़ित परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची बेलहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इस संबंध में एसओ राम आशीष यादव ने बताया कि पीड़ित बेटे की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।